Pages

Saturday, March 30, 2013

दिल्ली में 48 घंटे तक नहीं चलेगा टेलीविजन

संजीब शुक्ला -अगर आपने केबल कनेक्शन लिया है तो रविवार शाम तक आपका टेलीविजन नहीं चलेगा। वीकेंड पर आपको घर में मनोरंजन से महरूम रहना पड़ेगा। मल्टी सिस्टम ऑपरेटर के साथ शुल्क वितरण के फार्मूले से नाखुश दिल्ली के केबल ऑपरेटर 48 घंटे की हड़ताल पर जा रहे हैं। रविवार रात नौ बजे तक केबल से कार्यक्रमों का प्रसारण नहीं होगा।

शुक्रवार को विरोध में ऑपरेटरों ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन भी किया। इस दौरान केंद्र सरकार और टीवी चैनलों द्वारा ग्राहकों से धोखाधड़ी करने पर जमकर कोसा।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पहले केबल ऑपरेटर एक घर से एक कनेक्शन का चार्ज लेते थे, अब हर टीवी का चार्ज लेने को मजबूर किया जा रहा है। इसके अलावा हर टीवी पर 20 रुपये कर भी अलग से मांगा जा रहा है, जो अनुचित है।

ट्रांस यमुना केबल ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने बताया कि सरकार की डिजिटलाइजेशन की नीति सही है, लेकिन इसकी वजह से स्थानीय केबल ऑपरेटर और मल्टी सिस्टम ऑपरेटर के बीच शुल्क वितरण की जो शर्तें तय की गई हैं, वे हम लोगों के लिए नुकसानदेह हैं। इससे उपभोक्ताओं को भी अतिरिक्त कीमत चुकानी पड़ेगी।

जंतर मंतर पर प्रदर्शन में पूरी दिल्ली के केबल ऑपरेटरों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार और टीवी चैनलों ने मनमाने तरीके से पैकेज दर बढ़ाई है। यह पूरी तरह जनविरोधी है। ये फैसले वापस नहीं लिए गए तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।